” ई कइसन वियाह “
वर्षों से बंद नुक्कड़ श्रृंखला पुनः प्रारम्भ सत्य चैरिटेबल ट्रस्ट आरा द्वारा आयोजित शनिवारीय नुक्कड़ श्रृंखला में नुककड़ नाटक की हुई प्रस्तुति साहेब लाल यादव द्वारा लिखित व निर्देशित नाटक ” ई कइसन वियाह ” की हुई प्रस्तुति

आरा के रंगकर्मियों ने सत्य चैरिटेबल ट्रस्ट के बैनर तले पुनः नुक्कड़ नाटक श्रृंखला को प्रारम्भ किया. इसे ” विकेंड नुक्कड़ मुद्दा ” का नाम दिया गया है. इसके अंतर्गत सप्ताह के प्रत्येक शनिवार को स्थानीय व देश विदेश के मुद्दों को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से संध्या समय स्टेडियम गेट, रमना मैदान में, रंग दर्शकों के बीच प्रस्तुत किया जाएगा.

कार्यक्रम की शुरुआत एक ग्रामीण महिला इंदु राय द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया. मुख्य अतिथि मुंबई से पधारें रंगमंच, फ़िल्म व धारावाहिक के प्रसिद्ध अभिनेता लकुश सिंह ने कहा कि नुक्कड़ नाटकों से एक अभिनेता परिपक्व होता है. मैं भी नुक्कड़ करता आ रहा हूँ. नुक्कड़ नाटक बिना किसी रंगमंचीय सुविधा के होता है. इनमे हम कुछ छुपा नहीं पाते. दर्शकों को सब कुछ दिखता है

सत्य चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष समाज सेवी श्री संजय राय ने अपने सम्बोधन में कहा कि कोरोना के बाद से नुक्कड़ नाटक का कार्यक्रम बंद हो रखा था. हमेशा शहवासी यह चर्चा करते थे कि शहर की यह सांस्कृतिक गतिविधि पुनः शुरू होना चाहिए. इसलिए इसे नये अंदाज में पुनः शुरू किया जा रहा है. कार्यक्रम का संचालन समाज सेवी अभय विश्वास भट्ट ने किया.

नुक्कड़ की इस श्रृंखला में आज पहली प्रस्तुति युवा रंगकर्मी साहेब लाल यादव द्वारा लिखित व निर्देशित नुक्कड़ ” ई कइसन वियाह ” की प्रस्तुति की गईं. इस नाटक में आज कल की शादियों में दिखावे के लिए हो रही फिजूलखर्ची को मुद्दा बनाया गया. साथ ही समाज में पनप रही विवाह से पहले की अपसंस्कृति को भी दिखाया गया. नाटक की मुख्य भूमिकाओं में वरीय महिला रंगकर्मी आरती देवी,चर्चित रंगकर्मी लड्डू भपाली, वरिष्ठ रंगकर्मी अम्बुज राजा, वीरेंद्र ओझा ‘ बम ‘, करण कुमार, राजा कुमार व साहेब लाल यादव रहें. नाटक में संगीत दिया अंजनी कुमार ने. धन्यवाद ज्ञापन लड्डू भोपाली ने किया.

नुक्कड़ श्रृंखला के शुरू होने पर शहर के रंगकर्मियों के साथ साथ दर्शकों ने हर्ष व्यक्त किया है.

कार्यक्रम में शामिल मुख्य लोगों में मुखिया परमानन्द प्रेमी, रंगकर्मी सरफराज अहमद, तबला वादक सूरज कांत पाण्डेय, रंगकर्मी सुधीर शर्मा, सुशील कुमार, राहुल श्रीवास्तव, आलोक कुमार, डॉ पंकज भट्ट आदि शामिल रहें.

