दोपहर में दिखी धूप, फिर भी कनकनी से नहीं मिली राह
सतर्कता निहायत जरूरी है।

विगत कई दिनों से कड़ाके की ठंड का कहर झेल रहे भोजपुर वासियों को रविवार की दोपहर में हल्की धूप देखने को जरूर मिली, पर कनकनों से राहत नहीं मिली। पिछले कुछ दिनों से लुढ़के तापमान के पारा में कोई खास बदलाव नही दिखा।

अधिकतम पारा पर टीका रह गया। इस बीच शीतलहर का कहर पूर्ववत बरकरार रहा। सर्द हवाओं के चलते दोपहर में निकली धूप भी बेमानी साबित हो रही थी। हां, इस धूप में कई दिनों से सुखाने के लिए घरों में रखे गिले कपड़े छतों पर जरूर सुखाने के लिए नजर आने लगे थे। पर कुछ ही देर के बाद सूर्य देव ने आंखे मूंद ली और ठंड का सितम फिर से शुरू हो गया।

सुबह 6 बजे कनकनी के साथ जिस कदर दिन की शुरूआत हुई थी. शाम 4 बजे दिन ढलते ही कनकनी का कहर फिर सितम ढाने लगा।

सड़क किनारे फुटपाथ पर बसर करने वाले लोगों के लिए पहले की तरह अलाव ही सहारा है। इधर तापमान में आई भारी गिरावट से सप्ताह के अंत तक मौसम के सबसे सर्द दिनों का सामना करना पड़ सकता है। इस बीच दोपहर में धूप के दर्शन तो होंगे, पर सतर्कता निहायत जरूरी है।

